नवोदय एलुमनी सोसाइटी, सीकर द्वारा नवोदय उपवन के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। 22 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यकारिणी एवं बैच कोऑर्डिनेटर की संयुक्त बैठक में उपवन को और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके साथ ही आगामी एलुमनी मीट – स्पंदन 2026 के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा उपस्थित सभी बैच प्रतिनिधियों को अपने-अपने बैच के साथियों के लिए आमंत्रण पत्र सौंपे गए।
1. नवोदय उपवन की देखभाल एवं विकास के संबंध में चर्चा
नवोदय उपवन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विकसित करने के उद्देश्य से निम्नलिखित बिंदुओं पर चर्चा की गई:
1. उपवन की सीमा का संरक्षण एवं विस्तार
नवोदय उपवन की वर्तमान सीमा को सड़क की ओर तक सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई, ताकि भविष्य में अन्य संगठनों द्वारा अतिक्रमण अथवा अन्य गतिविधियों के कारण उपवन के वर्तमान क्षेत्रफल को प्रभावित या सीमित न किया जा सके।
2. नियमित माली/कार्यकर्ता की व्यवस्था
उपवन की नियमित साफ-सफाई, पौधों की देखभाल, सिंचाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक नियमित माली/कार्यकर्ता की व्यवस्था करने पर चर्चा की गई।
3. निगरानी समिति का गठन
नवोदय उपवन में होने वाले विकास एवं रखरखाव के कार्यों की नियमित निगरानी के लिए एक समिति गठित करने पर चर्चा हुई। यह समिति समय-समय पर कार्यों की समीक्षा करेगी तथा माली/कार्यकर्ता को आवश्यकतानुसार कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश देगी।
4. नवोदय उपवन विकास एवं रखरखाव निधि
उपवन के दीर्घकालीन विकास एवं नियमित देखभाल के लिए एक अलग निधि (Fund) तैयार करने पर चर्चा की गई। इस निधि में व्यक्तिगत सदस्यों एवं विभिन्न बैचों द्वारा स्वैच्छिक योगदान दिया जा सकेगा, जिससे उपवन के रखरखाव एवं विकास के कार्य निरंतर जारी रखे जा सकें।
2. स्पंदन 2026 – एलुमनी मीट
बैठक के दौरान आगामी एलुमनी मीट स्पंदन 2026 के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया।
साथ ही, उपस्थित सभी बैच प्रतिनिधियों को अपने-अपने बैच के साथियों तक कार्यक्रम का आमंत्रण पहुँचाने के उद्देश्य से आमंत्रण पत्र वितरित किए गए। सभी बैच प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने बैच के अधिकाधिक साथियों की सहभागिता सुनिश्चित करने में सहयोग करें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नवोदय उपवन के संरक्षण एवं विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाना तथा स्पंदन 2026 को सभी बैचों की सक्रिय सहभागिता से सफल बनाना रहा।