पाटन के युवा वैज्ञानिक डॉ. नवीन सैनी को प्रतिष्ठित ILRI रिसर्च फेलोशिप, स्टेम सेल रिसर्च के लिए नैरोबी जाएंगे नीमकाथाना...
Read full story: Naveen Saini
Ph.D. Research Scholar in Veterinary Biotechnology at the ICAR–Indian Veterinary Research Institute (ICAR-IVRI).
Naveen Saini
Batch of 2002
पाटन के युवा वैज्ञानिक डॉ. नवीन सैनी को प्रतिष्ठित ILRI रिसर्च फेलोशिप, स्टेम सेल रिसर्च के लिए नैरोबी जाएंगे
नीमकाथाना (सीकर) जिले की नीमकाथाना तहसील के पाटन निवासी युवा वैज्ञानिक डॉ. नवीन सैनी का चयन प्रतिष्ठित इंटरनेशनल लाइवस्टॉक रिसर्च इंस्टीट्यूट (ILRI) रिसर्च फेलोशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के तहत वे केन्या की राजधानी नैरोबी स्थित ILRI में सूअर और मवेशियों से प्राप्त प्लूरीपोटेंट स्टेम सेल तथा असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (ART) से जुड़े महत्वपूर्ण अनुसंधान प्रोजेक्ट पर कार्य करेंगे।
डॉ. सैनी ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, पाटन (सीकर) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCSHAU), हिसार के कॉलेज ऑफ वेटरिनरी साइंस से बी.वी.एससी. एंड ए.एच. की डिग्री तथा गुरु अंगद देव वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (GADVASU), लुधियाना से एम.वी.एससी. की उपाधि हासिल की।
वर्तमान में वे भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (ICAR-IVRI), इज्जतनगर, बरेली से वेटरिनरी बायोटेक्नोलॉजी विषय में पीएचडी कर रहे हैं तथा आईसीएआर–नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमल न्यूट्रिशन एंड फिजियोलॉजी (ICAR-NIANP), बेंगलुरु में चिकन प्राइमॉर्डियल जर्म सेल्स पर स्टेम सेल रिसर्च से जुड़े अनुसंधान कार्य भी कर चुके हैं।
डॉ. सैनी को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की कृषि विज्ञान केंद्र योजना में वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में भी नौ वर्ष से अधिक का अनुभव है।
उनके नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 67 से अधिक वैज्ञानिक प्रकाशन दर्ज हैं, जिनमें रिसर्च पेपर, आर्टिकल, पुस्तक अध्याय, एब्स्ट्रैक्ट, बुलेटिन तथा वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित लेख शामिल हैं।
उन्हें वर्ष 2021 में MANAGE, हैदराबाद द्वारा सर्टिफाइड लाइवस्टॉक एडवाइजर (पोल्ट्री) के रूप में सम्मानित किया गया। हाल ही में इंडियन सोसायटी ऑफ स्टेम सेल एंड सेल थेरेपी (ISGSCT) द्वारा आयोजित कृषि अनुसंधान पर सातवीं राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में उन्हें 'बेस्ट पेपर ऑफ द सेशन' पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें 'यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड', 'बेस्ट पेपर' तथा 'बेस्ट पोस्टर' सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है।
स्टेम सेल्स पर उनके उत्कृष्ट शोध, वैज्ञानिक अनुभव और अनुसंधान के प्रति समर्पण को देखते हुए उनका चयन ILRI रिसर्च फेलोशिप के लिए किया गया है। नैरोबी स्थित ILRI में वे Livestock Genetics, Nutrition and Feed Resources (LGNFR) कार्यक्रम के अंतर्गत प्लूरीपोटेंट स्टेम सेल एवं असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी से संबंधित अत्याधुनिक शोध परियोजनाओं पर कार्य करेंगे।
डॉ. नवीन सैनी की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से पाटन, नीमकाथाना और पूरे सीकर जिले में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और सामाजिक संगठनों ने इसे स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।